रविवार, 14 जनवरी 2018

कच्ची केरी के व्यंजन

गर्मी में भोजन में कच्चे आम या केरी का ज्यादा से ज्यादा उपयोग करना चाहिए। कहते हैं, आम फल नहीं अमृत है। गर्मियां शुरू होते ही आम के पेड़ पर कोयल कूकने लगती है और आम में बौर आने लगते हैं। शुरुआत होती है, कच्चे आम से। गर्मी में केरी बहुतायत में और बहुत सस्ती मिलती है। आइये देखते हैं, केरी को हम किस तरह से अपने भोजन में सम्मिलित कर सकते हैं।

1.केरी का पना : झुलसती गर्मी में,लू या sunstrok से बचने के लिए केरी का झोलिया या पना हर रोज पीना चाहिए।  आइये बनाएं केरी का पना ~


केरी को पहले साफ़ पानी से अच्छी तरह धो लें। फिर कुकर में पानी डाल कर केरी को दो सिटी आने तक पकाएं। कुकर ठंडा होने पर केरी बाहर निकालें। स्टील के भगोने में सब केरियों को छिलका उतार कर  रख लें। अब थोड़ा पानी डाल कर इन केरियों को मथ लें जिससे केरियों का सारा सार पानी में आ जाय। गुठलियां अलग कर लें। अब इस खट्टे पानी को छान लें। और काला नमक, भुना- पिसा हुआ जीरा,  शक्कर और जरा सी पिसी लाल मिर्च डाल कर भोजन के उपरान्त यह खट्टा-मीठा केरी का पानी घर के सदस्यों को पीने को दें। यह पाचक भी है, साथ ही गर्मी के दिनों में लू लगने से बचाता भी है।

2. केरी की कचुम्बर:
कच्ची केरी को छिल लें व बिल्कुल छोटे- छोटे टुकडों में काट लें या किसनी पर किस लें। अब नमक, शक्कर, पिसी लाल मिर्च और  चुटकी भर पिसी हींग मिला कर थोड़ी देर रख दें। भोजन परोसते समय  थाली में यह स्वादिष्ट कचुम्बर भी रखें।