रविवार, 19 अगस्त 2018

किचन टिप्स KITCHEN TIPS

. मोमबत्तियों को उपयोग में लेने से पहले 8-10 घण्टे के लिए आप उन्हें फ्रिज में रख दें। इससे वे सख्त हो जाएँगी और जलाने पर देर तक रोशनी देंगी।

. नींबू का रस और शक्कर मिलाएं। इसे चेहरे पर रात को लगा कर 15-20 मिनट रखें। फिर पानी से चेहरा धो लें। नींबू में मौजूद अम्ल से चेहरे पर जमी मृत त्वचा साफ होती है। इससे चेहरा गोरा व चमकदार दिखने लगता है। यह प्रयोग सप्ताह में एक बार करें। ध्यान रहे, चेहरे पर कभी भी नींबू का रस सीधे न लगाएं। इससे त्वचा में जलन हो सकती है।

. बीज वाले फल जैसे अमरूद, अंगूर, संतरा आदि खाते समय ध्यान रखें कि इनके बीज पेट में न जाने पाए। सख्त बीजों को पचाने में आंतों को एक्सट्रा मेहनत करनी पड़ती है। टमाटर भी जहां तक हो सके,बीज निकाल कर ही खाएं।

. यदि रात की रोटी बच गई है तो इसका सबसे बेहतरीन उपयोग मैं आपको बताती हूं। छाछ में रात की रोटी के छोटे टुकड़े करके एकाध घंटा रख दें। जब रोटी नरम हो जाये तो उसमें नमक,लाल मिर्च पावडर और शक्कर डाल कर मिक्स कर लें। लीजिये स्वादिष्ट खट्टी रोटी तैयार है। इसे बुजुर्ग भी आराम से खा सकते हैं। गर्मियों में यह विशेष फायदेमंद होती है।

. रीठे से बाल धोने से बाल चमकदार और मुलायम होते हैं। रीठे से आप अपने नाइलोन, ऊनी और रेशमी वस्त्र घर पर ही आसानी से धो सकते हैं। इन वस्त्रों को धोने के लिए बाजार में मिलने वाले महंगे लिक्विड सोप में रीठे का पानी ही रहता है। इसके अलावा रीठे से आप सोने के गहने भी धो कर देखिए। गहने एकदम नए जैसे बन जाएंगे।

. स्टील-पीतल या अल्युमिनियम के बर्तन खरीदने पर उन पर लगे स्टिकर निकालने में बहुत परेशानी होती है। आप ऐसे नए बर्तन को जिसमें स्टिकर लगे हैं, गैस की धीमी आंच पर हल्का गर्म करें। बर्तन गर्म होने पर स्टिकर पर लगा गोंद नरम हो जाएगा। बर्तन को आंच पर से हटा कर स्टिकर निकाल लें। बाद में बचा गोंद बर्तन धोते समय आसानी से हट कर बर्तन बिल्कुल साफ हो जाएगा।

. आलू उबालने से कई बार कुकर अंदर से एकदम काला हो जाता है जो लाख कोशिशों के बाद भी साफ नहीं हो पाता। ऐसे कुकर को काफी सारी इमली डाल कर रात भर छोड़ दें।सवेरे  साफ करें। कालापन बिल्कुल नहीं रहेगा।

. वजन कम करने का एक आसान तरीका :
धीरे- धीरे भोजन करने से आप एक तरफ भोजन का पूरा मजा ले पाएंगे,वहीं आपका पाचन तन्त्र भी स्ट्रांग बनेगा। इसके साथ ही ये वेट लॉस  में भी मदद करेगा।

. अक्सर गृहिणियां शक्कर के डब्बे में चीटियाँ होने से परेशान होती रहती हैं। मैं आपको इसका हल बताती हूँ:-
1. शक्कर के डब्बे में 15-20 लौंग clove रखने से डब्बे में चीटियाँ नहीं होंगी।
2. दूसरा उपाय यह है कि आप शक्कर को कांच के जार या सफेद प्लास्टिक के कंटेनर में रखें। शक्कर पर रोशनी गिरने से चीटियाँ दूर रहेंगी।

. दही बालों के लिए किसी शेम्पू से कम नहीं बल्कि उससे भी अधिक गुणकारी है। दही या छाछ से सिर धोने से बाल काले,घने और लंबे होते हैं।

. भुट्टे कई बार बिना उपयोग करे यूँही पड़े रह जाते हैं। इन सूखे हुए भुट्टों के दाने निकाल लें और कुकर में नमक व पानी डालकर 5-6 सिटी आने तक उबालें। कुकर से निकालने के बाद इनमें नमक और लाल मिर्च पावडर मिला दें। ये खाने में अत्यंत स्वादिष्ट लगते हैं।

. पीलिया रोग में दही खाने से पीलिया जल्दी ठीक होता है। इसके अतिरिक्त छाछ में सिका हुआ जीरा और नमक डाल कर सुबह-शाम पीने से भी पीलिया रोग में लाभ होता है।

. दही जमाने के लिए बाजार के डिब्बा बन्द दही का जामन उपयोग में न लाएं। डिब्बा बन्द दही में रसायन मिला होता है और यह ताजा भी नहीं होता है। इस तरह के दही के जामन से दही जमने में बहुत समय कभी-कभी तो 2-3 दिन तक भी दही नहीं जमता है। इसलिए हमेशा डेरी के ताजा दही का जामन काम में लें।

.लकड़ी के घर में रहती
 राजकुमारी मूंगफली।
काजू-पिस्ता, फीके हैं
सब पर भारी मूंगफली।।
इस कविता में मूंगफली का बिल्कुल सही गुणगान किया गया है।
तो आइए पता करें, मूंगफली के गुण - 

 मूंगफली खाने से शरीर में गर्मी आती है। मूंगफली न मिलने पर इसके स्थान पर इसके दाने भी  सेंक कर खा सकते हैं। मूंगफली को गुड़ के साथ खाने पर इसके गुणों में वृध्दि होती है।
मूंगफली में प्रोटीन और कैल्शियम काफी मात्रा में होता है। गर्भवती स्त्री यदि मूंगफली का सेवन करे तो होने वाला बच्चा हष्ट-पुष्ट होता है। प्रसव के बाद भी माता को मूंगफली का भरपूर सेवन करना चाहिए। इससे माता के दूध में वृद्धि होती है।
. अरबी उबालने के बाद छिलते समय हाथों में खुजली होती है। इसी तरह गराड़ू छिलते समय भी हाथों में खुजली होती है। आप यदि अरबी और गराड़ू छिलने के पहले हाथों में मूंगफली का तेल लगा लें तो फिर ये सब्जियां छिल कर देखिए। हाथों में बिल्कुल खुजली नहीं होगी।