हम कद्दू को कुम्हड़ा, कोरा, पेठा और काशीफल के नाम से भी जानते हैं। शायद पीले रंग में पाई जाने वाली यही इकलौती देसी सब्जी है।
पीले रंग की खाद्य वस्तुओं जैसे आम, पपीता में विटामिन ए होता है वैसे ही कद्दू में भी विटामिन ए भरपूर मात्रा में होता है। साथ ही इसमें आयरन भी होता है। यह बाजार में बरसात के बाद अगस्त माह से बिकने आ जाता है। कद्दू बहुत सस्ते दामों में आसानी से मिल जाता है और शायद इसीलिए इसको हम कम पसन्द करते हैं।
चूंकि इस ब्लॉग का विषय ही "सादा भोजन" है इसलिए हम यहां इस सस्ती परंतु लाभकारी सब्जी के बारे में बात करते हैं। कद्दू दिखने में पीला, बड़ा सा गोल-मटोल व काटने पर इतना कठोर होता है कि सोचते हैं इसकी सब्जी पकने में तो घण्टों लग जाएंगे लेकिन बहनों ! नहीं यह काटते समय जितनी मेहनत मांगता है उतना ही यह पकते समय बिल्कुल भी समय नहीं लगाता।
तो आइए इसकी सब्जी बनाई जाए 👇
सामग्री चाहिए :-
कद्दू 250 ग्राम, हरी मिर्च, लाल मिर्च, हल्दी, छोंक के लिए तेल, राई, जीरा, चाहें तो मैथी दाना, नमक, हरा धनिया।
विधि :-
कद्दू को छील कर छोटे टुकड़ों में काट लें। कढ़ाई में तेल डालें। गर्म होने पर राई, जीरे और मैथी दाने का छोंक लगाएं। कटी हरी मिर्च डालें। दो मिनट बाद कद्दू और सारे मसाले डालें। हल्का पानी छींटें और ढंक दें। पांच मिनट बाद कड़ाही खोलें। सब्जी तैयार है। ऊपर से हरा धनिया की पत्तियां डालें। कुछ बहनें इसमें शक्कर और नींबू का रस भी डालती हैं।