रोज के भोजन में क्या बनाते हैं हम सब ? रोटी, सब्जी,दाल, चावल यही सब। लेकिन रोटी खाते-खाते बोर हो गए हैं क्या आप ? कुछ दूसरा ऑप्शन ढूंढते हैं। चलिए आज बनाते हैं- मसाला रोटी...
मसाला रोटी बनाने के लिए जो भी सामग्री चाहिए वह सब आपके किचन में जरूर होगी। तो शुरू करिये मसाला रोटी बनाना ~
विधि :-
1.एक माध्यम आकार का आलू उबालें। उसे छील कर या तो कद्दूकस कर लें या मेश कर लें।
2. एक बाउल में दो कटोरी गेंहू का आटा, एक कटोरी मक्की का आटा, आधा कटोरी बेसन लें।
3. इनमें नमक, लालमिर्च पावडर,हल्दी पावडर, पिसा धनिया पावडर डालें।
4. जीरा,सिंके हुए तिल, अजवाइन थोड़ी-थोड़ी मात्रा में लेकर इमाम दस्ते में कूट लें और आटे में मिला लें।
5. हरी मिर्च बारीक कटी, हरी धनिया पत्ती, बारीक कटे प्याज भी आपके हिसाब से ऊपर की सामग्री में मिला लें।
6. अब 50 ग्राम गर्म घी पिघला हुआ डालें।
7. मेश किये आलू भी मिला दें और अब पानी डाल कर आटा ओसन लें। इस रोटी का आटा नरम ही रहेगा क्योंकि इसमें हमने आलू डाले हैं।
8. गूँधा हुए आटे को 15-20 मिनट ढंक कर रख दें।
9. अब पलेथन लगाते हुए मोटी रोटी बेलें। सामान्य रोटी की मोटाई से मसाला रोटी की मोटाई थोड़ी ज्यादा रखें जैसे मक्की की रोटी बनाई जाती है।
10. इसे तवे पर डाल कर दोनों तरफ से सेंके। सिकने पर दोनों तरफ घी से चुपड़ कर गर्मा-गर्म सर्व करें।
11. मसाला रोटी आप डाल,सब्जी या निम्बू के आचार के साथ खा सकते हैं।
