गणेश चतुर्थी पर हर घर में चूरमे के लड्डू बनना तो अनिवार्य है।यदि आपको चूरमे के लड्डू बनाने में कोई परेशानी आ रही हो तो मेरी यह पोस्ट पढ़िए और बहुत आसानी से चूरमे के लड्डू बना कर गणपति जी को भोग लगाएं।
सामग्री - 1. गेंहू का आटा 2 कटोरी
2. देसी घी मोयन और तलने के लिए
3. शक्कर का बुरा डेढ़ कटोरी
4. पिसी इलाइची और कुछ दाने किशमिश के
विधि - परात में गेंहू का आटा लें और उसमें घी का मोयन डालें। चूरमे के लड्डू में घी अच्छा खासा पड़ता है इसलिए मोयन डालने में कंजूसी न करें। 2 कटोरी आटे में लगभग 1 कटोरी घी डल जाएगा। अब दोनों हाथों से आटे को अच्छे से मसलें ताकि घी पूरी तरह से आटे में मिल जाय। फिर थोड़ा- थोड़ा पानी लेकर कड़ा आटा गूंधें। गुंधे आटे से मुठिए बनाएं। यानि आटे की एक बड़ी सी लोई हथेली में लेकर मुट्ठी बंद करें। लोई पर मुट्ठी के निशान बन जाएंगे। इसे ही मुठिया कहते हैं। इन मुठियों को कढ़ाई में घी डालकर सुनहरा होने तक तलें। कई लोग मुठिया बनाने की बजाय मोटे लोए या कहें बाटी जैसी बनाकर तवे पर सेंकते है जिससे घी कम लगता है।
मुठिए तलने के बाद इन्हें थोड़ी देर ठंडा होने दें फिर मिक्सर में दरदरा पीसें। पिसे हुए मुठिए को दर कहते है। दर को छलनी से छान लें ताकि दर एक जैसा बनें और कोई बड़ा टुकड़ा न रहे। छने हुए दर में शक्कर का बुरा, किशमिश व पिसी इलाइची मिलाएं और लड्डू बांधे। यदि लड्डू बिखर रहे हों तो पिघला हुआ घी मिलाएं और लड्डू बांधे। चूरमे के लड्डू तैयार हैं।
