इन दिनों आंवले बहुतायत से मार्केट में आ रहे हैं। पर समस्या यह आती है कि आंवले को साल भर के लिए किस तरह से उपयोग लायक बनाकर रखें। आंवला कैंडी में चीनी मुरब्बे के मुकाबले बहुत कम डलती है जिससे यह नुकसान नहीं करती। दूसरे, यह धूप में सूखा कर रखने से कई सालों तक भी खराब नहीं होती। तो आइए, हम आंवलों की कैंडी बनाएं।
सामग्री - 1. 1 किलोग्राम अच्छी क्वालिटी के बड़े आंवले
2. चीनी 250 ग्राम
विधि - 1.आंवलों को साफ पानी से दो-तीन बार धोएं।
2. कुकर में आंवले रख कर 250 ml पानी डालें।
3. 2 सीटी आने तक तेज आंच में आंवले उबालें।
4. कुकर ठंडा होने पर चेक करें कि आंवले नरम पड़े है या नहीं। आंवले हाथ से दबाने पर उनकी कलियां अलग हो जानी चाहिए।
5. अब कुकर में से आंवलें निकाल कर उन्हें हल्का सा ठंडा करें। आंवलों की गुठली निकाल लें और सारी कलियां स्टील के एक बर्तन में डालती जाएं।
6. सारे आंवले की गुठलियां निकल जाएं तो इनमें अब 250 ग्राम चीनी डालकर अच्छे से मिलाएं।
7. बर्तन को ढंक कर रखें। अगले दिन आप देखेंगे कि चीनी थोड़ी पिघल गई है। पूरी सामग्री को फिर एक बार ऊपर-नीचे करके बर्तन पुनः ढंक दें। ऐसा तीन दिनों तक करें। तीसरे दिन चीनी पूरी तरह से आंवलों में घुल चुकी होगी। बर्तन को चीनी के पानी सहित ही धूप में रखें। चीनी का पानी निकालना नहीं है।
8. अगले दिन आंवलों को स्टील के नए बर्तन में निकाल कर फिर से धूप में रखें धीरे-धीरे चीनी का पानी सूखता जाएगा और आंवले की कलियां पीली से सुनहरे रंग की होने लगेंगीं। जब आंवले अच्छे से सूख जाएं और स्टोर करने लायक हो जाएं तो इन्हें एयरटाइट डब्बे में भर कर वर्ष भर बच्चो-बड़ों को खाने को दें।