बुधवार, 3 जुलाई 2024

सब्जियां कैसे संग्रहित करें ?

 साल भर उपयोग के लिए सब्जियां किस तरह सुरक्षित रूप से संग्रहित करें ?
 सब्जियां तो हम रोज ही इस्तेमाल करते हैं। बिना साग के भोजन की थाली पूर्ण नहीं होती है। सर्दियों में सब्जियां बाजार में प्रचुर मात्रा में आती हैं और सस्ती भी मिल जाती है। पर गर्मी में सब्जियां कम और महंगी मिलती है। हम सर्दियों में थोड़ी मेहनत करके गर्मी के लिए सब्जियां इकट्ठी करके रख सकते हैं। आइये देखें कुछ सब्जियां किस प्रकार से संग्रहित करके रख सकते हैं :->

सब्जियां सुखाने के लिए अच्छी किस्म की और ताजी सब्जियां ही लें। बहुत जल्दी खराब होने वाली सब्जियों में पत्तेदार सब्जी जैसे मैथी, पालक, चौलाई  मुख्य हैं। इनको वर्षभर संग्रहित करने के लिए पहले इन सब्जियों में से कचरा बीन कर अलग कर लें। सब्जियों का सड़ा-गला हिस्सा निकाल दें।अब साफ़ पानी से धो लें ताकि कंकर, धूल-मिट्टी निकल जाये। फिर पानी अच्छी तरह से निथार कर साफ़ कपड़े पर बिछा कर एक दिन धूप में सुखाएं जिससे इनका पानी सूख जाये। 
इसके बाद धूप से हटा कर छाया में तब तक सुखाएं जब तक पूरी तरह नमी ख़त्म न हो जाए। इसके बाद सूखी हुई पत्तेदार सब्जियां संग्रह योग्य हो जाती हैं। इनको प्लास्टिक के डब्बों में भर कर रखें। 
आलू की सब्जी या पराठें बनाते वक्त थोड़ी सी सूखी मैथी या पालक ले कर बारीक मसल लें और आलू या पराठों के आटे में मिला लें। देखिये स्वाद भी बढ़ गया, भोजन की पौष्टिकता भी बढ़ गई और भोजन का रंग-रूप भी बढ़िया हो गया।

सब्जी की सहायक सामग्री जैसे धनिया, हरी मिर्च, टमाटर, प्याज, लहसुन भी आप वर्ष भर सूखा कर रख सकते हैं। 
कोई भी सब्जी आप सुखाएं तो ध्यान रहे कि बर्तन जैसे थाली, कटोरे या भगोने का उपयोग न करें क्योंकि ये पानी नहीं सोख सकते हैं इससे संग्रहित की जाने वाली वस्तुएं सूखने में बहुत समय लेंगी और उनमें बदबू आने की संभावना रहती है इसलिए हमेशा सब्जियां सूती कपड़े पर या सफेद प्लेन पेपर पर सूखाएं। इससे सब्जियां जल्दी सूखेंगी और बिल्कुल अपने वास्तविक रंग-रूप में रहेंगी।

आलू,प्याज और टमाटर जैसी सब्जियां आपको वर्ष भर संग्रहित करनी हो तो आलू के तो आप चिप्स बना कर साल भर उपयोग करते ही होंगे। प्याज और टमाटर सूखाने के लिए इन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। टमाटर के बीच के हिस्से में पानी और बीज होते हैं। यह भाग हटा कर  फिर इन्हें धूप में सुखाएं।

सब्जियां सर्दी यानि नवम्बर से लेकर फरवरी तक काफी मात्रा में और सस्ती मिल जाती हैं। आप उन्हीं दिनों में ज्यादा मात्रा में सब्जी खरीद कर उन्हें स्टोर कर सकती हैं। लेकिन संग्रहित सब्जियां जहां तक हो सके बारिश शुरू होने से पहले उपयोग कर लेनी चाहिए। बारिश शुरू होने पर संग्रहित सब्जियां खराब होने लगती हैं। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें