बुधवार, 11 मार्च 2020

किचन गार्डन में अजवाइन उगाएं

आपका किचन गार्डन है तो उसमें एलोवेरा, मीठी नीम, पुदीना के अलावा अजवाइन जरूर लगाएं। यह पौधा सामान्य अजवाइन जिसके बीज हम लोग पूरी-पराठों में डालते हैं,से अलग है। इस पौधे पर किसी तरह के फूल नहीं आते हैं। इसके पत्ते गहरे हरे, कंगुरेदार, मोटे व रोयों वाले होते हैं। पत्तों में एक विशेष प्रकार की तेज सुगंध आती है। तासीर में अजवाइन के पत्ते गरम और स्वाद में ये तीखे-चरपरे होते हैं।
इसको आप किचन गार्डन या गमले में आसानी से उगा सकते हैं। अजवाइन के पौधे पर बारह महीने पत्ते उगते रहते हैं लेकिन बारिश में इसमें बहुत ज्यादा ग्रोथ होती है। अजवाइन के पत्ते खांसी,सर्दी-जुकाम ठीक करने में उपयोगी हैं। आयुर्वेद के अनुसार इन पत्तों का काढ़ा बना कर पीने से बुखार,सर्दी जुकाम में लाभ होता है।
सर्दी-जुकाम व खांसी होने पर कुछ दिनों तक अजवाइन के पत्ते चबाने से आराम मिलता है। खांसी होने पर पानी में इसके पत्ते उबाल कर छान लें और इस पानी को थोड़ी-थोड़ी देर में पियें।
बारिश के दिनों में सभी को सर्दी-खांसी, बुखार जैसी आम तकलीफें परेशान करती हैं और तभी अजवाइन के पौधे में खासी बढ़वार देखने को मिलती है। 
पकोड़े - बारिश के मौसम में वैसे भी पकोड़े खाना सभी को पसंद है तब इन पत्तों के पकोड़े बना कर देखिए कितने स्वादिष्ट बनते हैं और आप महसूस करेंगे कि बारिशजनित बीमारियां इन पकोड़ों के खाने से घर से किस तरह भाग जाती है !!


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें