गुरुवार, 12 दिसंबर 2024

गणेश चतुर्थी पर बनाएं चूरमे के लड्डू

 


पुराना रिवाज है, गणेश चतुर्थी पर हर घर में लड्डू और बाफले बनाए जाते थे। लड्डू मतलब चूरमे के लड्डू। गणेशजी को इन्ही लड्डुओं का भोग लगाया जाता था। तो क्यों न हम इन पारंपरिक और स्वादिष्ट लड्डुओं को बनाकर गणेशजी की पूजा करें।
 आपको चूरमे के लड्डू बनाने में कोई परेशानी आ रही हो तो मेरी यह पोस्ट पढ़िए और बहुत आसानी से चूरमे के लड्डू बना कर गणपति जी को भोग लगाएं। 

सामग्री - 1.  गेंहू का आटा 2 कटोरी

            2. देसी घी मोयन और तलने के लिए

            3. शक्कर का बुरा डेढ़ कटोरी

            4.  पिसी इलाइची और कुछ दाने किशमिश के


विधि - परात में गेंहू का आटा लें और उसमें घी का मोयन डालें। चूरमे के लड्डू में घी अच्छा खासा पड़ता है इसलिए मोयन डालने में कंजूसी न करें। 2 कटोरी आटे में लगभग 1 कटोरी घी डल जाएगा। अब दोनों हाथों से आटे को अच्छे से मसलें ताकि घी पूरी तरह से आटे में मिल जाय। फिर थोड़ा- थोड़ा पानी लेकर कड़ा आटा गूंधें। गुंधे आटे से मुठिए बनाएं। यानि आटे की एक बड़ी सी लोई हथेली में लेकर  मुट्ठी बंद करें। लोई पर मुट्ठी के निशान बन जाएंगे। इसे ही मुठिया कहते हैं। इन मुठियों को कढ़ाई में घी डालकर सुनहरा होने तक तलें। कई लोग मुठिया बनाने की बजाय मोटे लोए या कहें बाटी जैसी बनाकर तवे पर सेंकते है जिससे घी कम लगता है। 

मुठिए तलने के बाद इन्हें थोड़ी देर ठंडा होने दें फिर  मिक्सर में दरदरा पीसें। पिसे हुए मुठिए को दर कहते है। दर को छलनी से छान लें ताकि दर एक जैसा बनें और कोई बड़ा टुकड़ा न रहे। छने हुए दर में शक्कर का बुरा, किशमिश व पिसी इलाइची मिलाएं और लड्डू बांधे। यदि लड्डू बिखर रहे हों तो पिघला हुआ घी मिलाएं और लड्डू बांधे। चूरमे के लड्डू तैयार हैं।





बुधवार, 3 जुलाई 2024

सब्जियां कैसे संग्रहित करें ?

 साल भर उपयोग के लिए सब्जियां किस तरह सुरक्षित रूप से संग्रहित करें ?
 सब्जियां तो हम रोज ही इस्तेमाल करते हैं। बिना साग के भोजन की थाली पूर्ण नहीं होती है। सर्दियों में सब्जियां बाजार में प्रचुर मात्रा में आती हैं और सस्ती भी मिल जाती है। पर गर्मी में सब्जियां कम और महंगी मिलती है। हम सर्दियों में थोड़ी मेहनत करके गर्मी के लिए सब्जियां इकट्ठी करके रख सकते हैं। आइये देखें कुछ सब्जियां किस प्रकार से संग्रहित करके रख सकते हैं :->

सब्जियां सुखाने के लिए अच्छी किस्म की और ताजी सब्जियां ही लें। बहुत जल्दी खराब होने वाली सब्जियों में पत्तेदार सब्जी जैसे मैथी, पालक, चौलाई  मुख्य हैं। इनको वर्षभर संग्रहित करने के लिए पहले इन सब्जियों में से कचरा बीन कर अलग कर लें। सब्जियों का सड़ा-गला हिस्सा निकाल दें।अब साफ़ पानी से धो लें ताकि कंकर, धूल-मिट्टी निकल जाये। फिर पानी अच्छी तरह से निथार कर साफ़ कपड़े पर बिछा कर एक दिन धूप में सुखाएं जिससे इनका पानी सूख जाये। 
इसके बाद धूप से हटा कर छाया में तब तक सुखाएं जब तक पूरी तरह नमी ख़त्म न हो जाए। इसके बाद सूखी हुई पत्तेदार सब्जियां संग्रह योग्य हो जाती हैं। इनको प्लास्टिक के डब्बों में भर कर रखें। 
आलू की सब्जी या पराठें बनाते वक्त थोड़ी सी सूखी मैथी या पालक ले कर बारीक मसल लें और आलू या पराठों के आटे में मिला लें। देखिये स्वाद भी बढ़ गया, भोजन की पौष्टिकता भी बढ़ गई और भोजन का रंग-रूप भी बढ़िया हो गया।

सब्जी की सहायक सामग्री जैसे धनिया, हरी मिर्च, टमाटर, प्याज, लहसुन भी आप वर्ष भर सूखा कर रख सकते हैं। 
कोई भी सब्जी आप सुखाएं तो ध्यान रहे कि बर्तन जैसे थाली, कटोरे या भगोने का उपयोग न करें क्योंकि ये पानी नहीं सोख सकते हैं इससे संग्रहित की जाने वाली वस्तुएं सूखने में बहुत समय लेंगी और उनमें बदबू आने की संभावना रहती है इसलिए हमेशा सब्जियां सूती कपड़े पर या सफेद प्लेन पेपर पर सूखाएं। इससे सब्जियां जल्दी सूखेंगी और बिल्कुल अपने वास्तविक रंग-रूप में रहेंगी।

आलू,प्याज और टमाटर जैसी सब्जियां आपको वर्ष भर संग्रहित करनी हो तो आलू के तो आप चिप्स बना कर साल भर उपयोग करते ही होंगे। प्याज और टमाटर सूखाने के लिए इन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। टमाटर के बीच के हिस्से में पानी और बीज होते हैं। यह भाग हटा कर  फिर इन्हें धूप में सुखाएं।

सब्जियां सर्दी यानि नवम्बर से लेकर फरवरी तक काफी मात्रा में और सस्ती मिल जाती हैं। आप उन्हीं दिनों में ज्यादा मात्रा में सब्जी खरीद कर उन्हें स्टोर कर सकती हैं। लेकिन संग्रहित सब्जियां जहां तक हो सके बारिश शुरू होने से पहले उपयोग कर लेनी चाहिए। बारिश शुरू होने पर संग्रहित सब्जियां खराब होने लगती हैं। 

शनिवार, 15 जून 2024

क्या नमक के पानी का पौंछा लगाना सही है?

 बहनों, मैने कई टूट्यूब चैनल्स, न्यूजपेपर्स और अन्य सोशल मीडिया पर कई बार देखा-पढ़ा है कि घर के फर्श पर पौंछा लगाते समय पानी में खाने का नमक डालने से फर्श बैक्टीरिया-रहित, अधिक चमकीला और साफ दिखता है। 

मेरा यह मानना है कि ऐसा करने से न तो फर्श साफ होता है न बैक्टीरिया खत्म होते हैं। बल्कि ऐसा करने से उल्टे आपको कई तरह के नुकसान हो सकते हैं।

यही नमक जब आप घर में चलते-फिरते है, तो आपके पैरों में लगेगा। जिससे पैरों में चिपचिपाहट महसूस होती है और पैरों की कोमल त्वचा को हानि हो सकती है।साथ ही यदि त्वचा में कहीं कट लगा हो तो उस पर नमक लगने से जलन होगी।

नमक एक अत्यंत तीव्र रसायनिक लवण है। इसका प्रयोग फर्श पर करने से फर्श धीरे-धीरे खुरदुरा हो जाता है।

हमारे पुराणों में नमक को अत्यधिक सम्मानजनक स्थान दिया गया है। इन ग्रंथों में वर्णित है कि नमक जमीन पर बिखरने से पाप के भागी बनते हैं। पुराने जमाने में नमक यदि धरती पर गिर जाता था तो इसे एक अपशगुन माना जाता था।

इसलिए भविष्य में कभी भी पौंछा लगाने में नमक का प्रयोग न करें।