बची रोटी leftover chapati recipe
बची हुई रोटी से आपने खाकरे, पोहे व उपमा आदि जरूर बनाये होंगे। लेकिन मैं आज आपको यहां बची रोटी से ऐसा नाश्ता बनाना बता रही हूं जो न केवल खाने में स्वादिष्ट है बल्कि बनाने में बहुत सरल और हैल्थ के लिए पौष्टिक है। इसके लिए जरूरी सामग्री
और बनाने की विधि इस तरह है :-
जरूरी सामग्री - सूखी हुई रोटी, बारीक कटे प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया, जो भी सब्जियां आपके पास मौजूद हो जैसे मटर, लौकी, गिलकी, पालक,गौभी,आलू। बघार के लिए तेल, राई, जीरा और हींग, नमक, लाल मिर्च पावडर, हल्दी पावडर, सूखा धनिया पावडर।
विधि :- बची सूखी हुई रोटी के छोटे-छोटे टुकड़े कर लें। सभी सब्जियों को साफ पानी से धो कर बारीक काट लें। सब्जियों में नमक,लाल मिर्च पावडर, धनिया पावडर, हल्दी पावडर डालकर मिला लें।
अब कढ़ाही में तेल डालकर गैस पर रखें। तेल गर्म हो जाये तो उसमें राई डालें। राई तड़कना बन्द कर दे तब जीरा और हींग डालें। फिर तुरन्त उसमें हरी मिर्च व प्याज डाल कर अच्छे से भूनें। जब प्याज थोड़े लाल हो जाये तो मसाले मिली हुई सब्जियां डाल दें। आवश्यक हो तो थोड़ा पानी डालें। सब्जियों को कढ़ाही में अच्छे से एकसार करके ढक्कन से ढंक दें। 7-8 मिनट बाद खोलकर देखें कि सब्जियां सीझ गई होंगी। अब बची रोटी के टुकड़े डालकर चम्मच से मिला दें। दोबारा ढक्कन से ढंक दें। 2-4 मिनट में रोटी के टुकड़े नर्म पड़ जाएंगे। अब ऊपर से हरे धनिए की बारीक कटी पत्तियां डाल दें। आपका पौष्टिक नाश्ता तैयार है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें