सफेद राजमा या पहाड़ी राजमा की फसल उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बोई जाती है। सफेद राजमा दिखने में काफी कुछ चवलें जैसा दिखता है। अंतर यह है कि यह आकार में चवलें के मुकाबले पतला,लंबा होता है। खाने में इसका स्वाद बिल्कुल चवलें की तरह होता है। इसकी सब्जी उसी तरह बनाई जाती है जैसे चवलें की।
सफेद राजमा की सब्जी बनाने की विधि:
सामग्री:
1. सफेद राजमा 150 ग्राम
2. टमाटर एक
3. हरी मिर्च, धनिया
4. मसाले: नमक, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, धनिया पाउडर
5. छौंक के लिए: राई, जीरा, हींग, एक चम्मच शहद तेल या घी
विधि:
सफेद राजमा को धो कर पानी मेंआधा घंटे तक भिगने के लिए छोड़ दें। फिर कुकर में नमक, हल्दी डालकर चार सिटी आने तक पकाएं। एक बर्तन में तेल या घी डालकर गर्म करें। तेल-घई जब अच्छे से गर्म हो जाए तो राई डालकर तड़काएं। अब जीरा डालकर थोड़ी देर भूनें। फिर हींग डालें अब बारीक कटी हरी मिर्च डाल दें। फिर कटे टमाटर डालें और टमाटर गलने तक चम्मच से हिलाते रहें। नमक डालें।
दो मिनट पश्चात कुकर में पके राजमा डालें। स्वाद के हिसाब से ऊपर लिखे सभी मसाले राजमा में मिलाएं। राजमा बहुत सुखे लग रहें हों तो आवश्यकता अनुसार गर्म पानी डालकर एकसार करें। पांच मिनट बाद गैस से नीचे उतार लें।कटा हरा धनिया डालें।
सफेद राजमा सर्व करने के लिए तैयार है।
नोट:- यदि आप लहसुन, प्याज पसंद करते हैं तो छौंक में इनका इस्तेमाल कर सकते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें